देहरादून – होमगार्ड वर्दी घोटाले में मुख्यमंत्री धामी का कड़ा एक्शन, DIG अमिताभ श्रीवास्तव को किया सस्पेंड
देहरादून – होमगार्ड वर्दी घोटाले में मुख्यमंत्री धामी का कड़ा एक्शन, DIG अमिताभ श्रीवास्तव को किया सस्पेंड
देहरादून – उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत एक और बड़ी कार्रवाई की गई है। होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग में वर्दी सामग्री की खरीद से जुड़े मामले में निदेशक होमगार्ड्स (डिप्टी कमांडेंट) अमिताभ श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
यह कार्रवाई वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के दौरान की गई वर्दी खरीद प्रक्रिया में सामने आई वित्तीय अनियमितताओं और नियमों के उल्लंघन के आरोपों के बाद की गई है। जांच में पाया गया कि टेंडर प्रक्रिया में निर्धारित नियमों और वित्तीय मानकों का पालन नहीं किया गया। तकनीकी मूल्यांकन में भी खामियां सामने आई हैं। इसके अलावा, निर्धारित दरों से अधिक भुगतान और कुछ फर्मों को अनुचित लाभ पहुंचाने की आशंका जताई गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए महानिदेशक, होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा द्वारा शासन को भेजी गई रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई। रिपोर्ट में डिप्टी कमांडेंट अमिताभ श्रीवास्तव की भूमिका संदिग्ध पाई गई, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने निलंबन के आदेश जारी किए। साथ ही पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए संयुक्त जांच समिति गठित करने के निर्देश दिए गए हैं। समिति मामले की वित्तीय, प्रशासनिक और तकनीकी पहलुओं की जांच करेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त है और किसी भी स्तर पर अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक हलकों में हलचल है। सूत्रों के अनुसार जांच पूरी होने के बाद मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं।
