रुद्रपुर (विशेष संवाददाता)। वार्ड नंबर-5 स्थित मुखर्जीनगर क्षेत्र में श्रम विभाग के सौजन्य से पंजीकृत श्रम कार्ड धारकों के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक शिव अरोरा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए 400 श्रमिकों को आवश्यक सामग्री से युक्त लेबर किट वितरित की। लेबर किट पाकर श्रमिकों के चेहरे खिल उठे। शिविर में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रमिकों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक शिव अरोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार श्रमिकों को सशक्त, सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। श्रम विभाग के माध्यम से पंजीकृत श्रमिकों को सरकारी योजनाओं के साथ-साथ समय-समय पर जरूरी सामग्री भी उपलब्ध कराई जा रही है।
विधायक ने स्पष्ट किया कि श्रमिक वर्ग प्रदेश के निर्माण और विकास की रीढ़ है। उन्होंने कहा, “सरकार की स्पष्ट मंशा है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति और हर पात्र श्रमिक तक सीधे पहुंचे। गरीब के हक का अधिकार उसे दिलाना हमारी पहली प्राथमिकता है।”
शिव अरोरा ने श्रमिकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने सभी आवश्यक दस्तावेज पूर्ण रखें और पंजीकरण कराएं ताकि विभागीय सुविधाओं का लाभ लेने में कोई रुकावट न आए। उन्होंने बताया कि 400 श्रमिकों को किट वितरण इसी अभियान का हिस्सा है। भविष्य में भी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के अंत में विधायक ने श्रम विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर हर पात्र व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें।
ये लोग रहे मौजूद:
शिविर के दौरान मंडल महामंत्री राधेश शर्मा, पार्षद कुसुम शर्मा, तन्मय पंत, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, गुरमीत सिंह, मयंक कक्कड़, सोनू वर्मा, भीमसेन गुप्ता और वासु गुम्बर सहित कई गणमान्य नागरिक एवं विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।


