नैनीताल – बर्फ़बारी के बाद पर्यटकों का उमड़ा हुजूम, नैनीताल सहित धानाचूली और मुक्तेश्वर में हुआ है अच्छा हिमपात
नैनीताल – शहर में हिमपात के बाद वीकेंड पर पर्यटकों का हुजूम उमड़ पड़ा। सुबह से ही हल्द्वानी, कालाढूंगी रोड से पर्यटक वाहनों के आने का सिलसिला जारी है। पर्यटकों की बढ़ती आमद के बाद होटल, गेस्ट हाउसों में फुल टैरिफ लागू हो गए हैं। कारोबारियों के अनुसार गणतंत्र दिवस तक भीड़ बनी रहेगी।
प्रकृति के उपहार को करीब से देखने व बर्फ में मस्ती के लिए शहर के ऊंचाई वाले इलाकों के सड़क मार्गों पर वाहनों की कतार लगी है। खासकर हिमालय दर्शन क्षेत्र में भीड़ अधिक है। हिमालय दर्शन से लेकर किलबरी, पंगोट, कुंजखड़क तक जमकर बर्फबारी हुई है, शहर के निचले इलाकों में भी बर्फ पड़ी लेकिन बारिश के बाद पिघल गई। शहर की सबसे ऊंची चोटी नयना पीक व स्नोव्यू में भी पर्यटकों की आमद बढ़ी है। नयना पीक तक दो किलोमीटर ट्रेकिंग कर सैलानी पहुंच रहे हैं। बर्फबारी से होटल रेस्टोरेंट के साथ ही अन्य छिटपुट कारोबार भी चल पड़े हैं।
मुक्तेश्वर, रामगढ़, धानाचूली और आसपास के क्षेत्रों में पिछले दो दिनों से मौसम खराब बना हुआ था। यहाँ भी बारिश और ओलावृष्टि के बाद यहां अच्छी बर्फबारी हुई है, जिससे ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड बढ़ गई है। इन क्षेत्रों में इस सीजन की पहली बर्फबारी होने से स्थानीय लोग खासे उत्साहित नजर आए। सुबह के समय पहाड़ियों पर बर्फ की फुहारें गिरती देख लोगों ने इसे मौसम का खास नजारा बताया।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में ठंड बढ़ने की संभावना बनी हुई है। बर्फबारी की खबर मिलने के बाद पर्यटक भी मुक्तेश्वर, रामगढ़ और धानाचूली की ओर रुख करने की योजना बना रहे हैं, जिससे आने वाले दिनों में पर्यटन गतिविधियों में बढ़ोतरी की उम्मीद है।
