बाजपुर।
अवैध मादक द्रव्यों के निर्माण, बिक्री और भंडारण के खिलाफ आबकारी विभाग ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। संयुक्त आबकारी आयुक्त श्री K.K. काण्डपाल के आदेशानुसार क्षेत्र में अवैध शराब के अड्डों को समूल नष्ट करने के उद्देश्य से मंगलवार को आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने कई संदिग्ध ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी। इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आबकारी निरीक्षक श्री महेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में अपराध निरोध क्षेत्र-4 बाजपुर तथा जनपदीय प्रवर्तन दल की संयुक्त टीम का गठन किया गया। संयुक्त टीम ने क्षेत्र के अंतर्गत नन्दपुर घाट, नंदपूर के संदिग्ध घरों, कौशलपूर, राजपुर फतेहगंज व रामचंद्रपूर में अचानक सघन चेकिंग और दबिश की कार्रवाई की।
8 लीटर कच्ची शराब जब्त, कार्रवाई रहेगी जारी
आबकारी निरीक्षक महेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि दबिश के दौरान आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत 1 ज्ञात अभियोग पंजीकृत किया गया है। मौके से 8 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
कार्रवाई में यह रहे शामिल:
इस संयुक्त छापामार कार्रवाई में उप आबकारी निरीक्षक देवेन्द्र कुमार, प्रधान आबकारी सिपाही पवन कुमार कम्बोज, महिला आबकारी सिपाही राखी, वंदना, अर्चना यादव व रेनुका बोरा सहित आबकारी बल के जवान शामिल रहे।
