कुंडा। ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली कुंडा पुलिस ने घर में घुसकर जेवरात चोरी करने की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए पीली धातु का एक हार, तीन अंगूठियां और चार बिछुए बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त 2026 को सरवरखेड़ा निवासी बाबू हुसैन ने कोतवाली कुंडा में तहरीर देकर बताया था कि दिन के समय अज्ञात चोर उसके घर में घुसकर सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस टीमों का गठन किया गया और सुरागरसी-पतारसी के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
पुलिस टीम को सूचना मिली कि किमाया बैंकट हॉल के बाईं ओर जाने वाली सड़क पर दो संदिग्ध मौजूद हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके कब्जे से बाबू हुसैन के घर से चोरी किए गए जेवरात बरामद हुए।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साजिद उर्फ सज्जू (23) पुत्र अब्दुल रशीद निवासी ग्राम सरवरखेड़ा तथा अरमान (22) पुत्र अहमद नबी उर्फ नविया निवासी ग्राम सरवरखेड़ा, कुंडा के रूप में की है।
मामले में पहले दर्ज मुकदमे में बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनोज सिंह देव, कांस्टेबल बृजेश कुमार और कांस्टेबल राजकुंवर बोरा शामिल रहे।
रिपोर्ट अर्जुन कुमार


